वाराणसी से लाई दुल्हन ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर ससुराल वालों को किया बेहोश, तीन युवकों के साथ हुई फरार
बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें उत्तरप्रदेश के वाराणसी से लाई गई एक दुल्हन ने ससुराल वालों को नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया और दो अन्य युवकों के साथ फरार हो गई। इस घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया है।
कोल्डड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ, पांच की तबीयत बिगड़ी
घटना बीकानेर जिले के नोखा कस्बे के रायसर फाटक के पास वार्ड 18, चुना भट्टा क्षेत्र की है। मंगलवार शाम को नई नवेली दुल्हन आयुषी रावत ने घर के सदस्यों को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे परिवार के पांच सदस्य बेहोश हो गए। इसके बाद वह अपने साथ आए दो युवकों के साथ मौके से फरार हो गई। बेहोशी की हालत में परिजनों को देर रात जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रेफर कर दिया गया।
दलाल के माध्यम से हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, बाबूलाल कुम्हार के लिए दलाल के जरिए उत्तरप्रदेश के वाराणसी से आयुषी रावत को दुल्हन बनाकर लाया गया था। दुल्हन के साथ दो युवक भी आए थे। नोखा में दूल्हा-दुल्हन के बीच रहने के लिए इकरारनामा भी तैयार किया गया था, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति शामिल थी।
परिवार सदमे में, अभी तक नहीं की गई FIR
घटना के बाद पीड़ित परिवार पूरी तरह से सदमे में है। नशीली कोल्डड्रिंक से भागीरथ, रेवती, जगदीश, माया और बाबूलाल की तबीयत बिगड़ी है। देर रात पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इस मामले में देर शाम तक किसी भी प्रकार की पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस जांच की उम्मीद
घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस तरह की धोखाधड़ी के मामले से चिंतित हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और आरोपी कब तक गिरफ्त में आते हैं।
