रामपुर: रामपुर में आज़ाद अधिकार सेना ने उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राष्ट्रपति शासन की मांग की है। कलेक्ट्रेट पहुंचकर पार्टी के सदस्यों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान जिला अध्यक्ष ताहिर हुसैन ने यूपी में जंगलराज और गुंडाराज का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
ताहिर हुसैन ने गिनाए गंभीर आपराधिक मामले
ताहिर हुसैन ने बताया कि हाल के दिनों में प्रदेश में हुई कई गंभीर आपराधिक घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कासगंज में भाजपा नेता पर बलात्कार का आरोप, फतेहपुर में ट्रिपल मर्डर, प्रयागराज में एक दलित युवक को जिंदा जलाने, वाराणसी में महिला से बलात्कार और राजनीतिक पीड़ित हरीश मिश्रा को जेल भेजने जैसे मामलों का ज़िक्र किया।
प्रदेश की जनता असुरक्षित, राष्ट्रपति शासन जरूरी
अधिकार सेना का कहना है कि उत्तर प्रदेश की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। ताहिर हुसैन ने कहा कि प्रदेश में शासन-प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो चुका है और अब यहां राष्ट्रपति शासन लागू करना आवश्यक हो गया है। उन्होंने राष्ट्रपति से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि प्रदेश में शांति और न्याय व्यवस्था पुनः स्थापित हो सके।
