रामपुर, 11 अप्रैल 2025: थाना सैफनी पुलिस को शुक्रवार को एक बड़ी सफलता मिली, जब गश्त व चेकिंग के दौरान दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों आरोपी झाड़ियों में छिपकर लूट की योजना बना रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम दिव्यानंगला रोड से ग्राम रवाना को जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्ति एक मोटर साइकिल के साथ छिपे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे दोनों अभियुक्त घायल हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुलाम नवी उर्फ गुलफान (42 वर्ष), निवासी ग्राम नया ललवारा, थाना सैफनी और हाफिज शफीक उर्फ गटुआ (51 वर्ष), निवासी मोहल्ला नीम, थाना टांडा के रूप में हुई है। दोनों को गोली पैर में लगी और प्राथमिक उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है।
बरामदगी:
दोनों अभियुक्तों के पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
एक बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल बरामद हुई, जिसके कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर उसे धारा 207 MV एक्ट के अंतर्गत सीज किया गया।
पूछताछ में खुलासा: अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अपराधिक इतिहास:
🔸 गुलाम नवी उर्फ गुलफान पर हत्या का प्रयास, गैंगस्टर, डकैती, बलात्कार, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं।
🔸 हाफिज शफीक उर्फ गटुआ पर भी हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट सहित 22 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अपराधी कई जनपदों में वांछित रहे हैं।
वर्तमान कार्यवाही: इन दोनों अपराधियों के विरुद्ध थाना सैफनी पर मु.अ.सं. 62/2025 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल अधिकारी:
श्री महेन्द्रपाल सिंह (थानाध्यक्ष सैफनी)
उ.नि. राहुल कुमार, अमित कुमार, सुभाषचंद
कांस्टेबल मुकेश कुमार, राहुल कुमार, गौरव कुमार, नौशाद अली
पुलिस अधीक्षक रामपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान में यह कार्रवाई उल्लेखनीय सफलता मानी जा रही है।
