रामपुर: ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी सौगात, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने किया 199.61 लाख की पेयजल परियोजना का लोकार्पण

रामपुर | उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग) बलदेव सिंह औलख ने आज जनपद रामपुर की तहसील बिलासपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवनगर, निकट रामनगर में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 199.61 लाख रुपये की लागत से बनी ग्रामीण पेयजल परियोजना का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जोगिन्दर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी नन्द किशोर कलाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत स्वीकृत इस परियोजना के माध्यम से 222 ग्रामीणों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। सभी उपभोक्ताओं को अब शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है। पेयजल प्रणाली के संचालन हेतु एक ऑपरेटर की भी तैनाती की गई है।

इस अवसर के बाद राज्यमंत्री ने तहसील बिलासपुर के ग्राम रामनगर में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी का निरीक्षण भी किया। इस परियोजना के अंतर्गत गांव में लगभग 278 कनेक्शन दिए गए हैं, और सभी उपभोक्ताओं को शुद्ध पेयजल मिल रहा है। विशेष बात यह रही कि सभी उपभोक्ता निर्धारित यूजर चार्ज को ग्राम पंचायत में नियमित रूप से जमा कर रहे हैं, जिससे योजना की सततता सुनिश्चित की जा रही है।

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने अपने संबोधन में कहा कि “प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जल जैसी मूलभूत आवश्यकता की पूर्ति से ग्रामीणों की जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।”

इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों ने परियोजना के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब उन्हें पीने के पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.