रामपुर | जनपद रामपुर के समग्र एवं समुचित विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री शहरी विकास विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत एक नई टाउनशिप बसाने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना को रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम पहाड़ी में विकसित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने नगर मजिस्ट्रेट संदीप कुमार वर्मा, तहसील एवं प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित आवासीय योजना की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को निर्धारित समयावधि में प्रारंभ किया जाए। साथ ही, किसानों से प्राप्त आपत्तियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि इस योजना के अंतर्गत रामपुर विकास प्राधिकरण को 170 एकड़ भूमि पर टाउनशिप विकसित करने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह उत्तर प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी गेट बंद (gated) टाउनशिप होगी। परियोजना की कुल लागत 591 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें से 300 करोड़ रुपये स्थलीय विकास कार्यों पर और 291 करोड़ रुपये भूमि अर्जन पर व्यय किए जाएंगे।
इस योजना से न केवल रामपुर के नगरीय विकास को नया आयाम मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार, आवास और आधारभूत सुविधाओं की भी सौगात मिलेगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह टाउनशिप आधुनिक शहरों की तर्ज पर विकसित होकर रामपुर के विकास का नया चेहरा बन सकती है।
