एचयूजे ने मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर को सौंपा ज्ञापन, प्रेस मान्यता नवीनीकरण पर पुरानी नीति की मांग
पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर से मिला
ऐलनाबाद/जींद ( एम पी भार्गव): हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट ट्रेड यूनियन (एचयूजे) के प्रदेश अध्यक्ष आरपी वशिष्ठ के नेतृत्व में पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल आज मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा से मिला। इस बैठक में पत्रकारों ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रेस मान्यता नवीनीकरण के दस्तावेजों में पूर्व की तरह सीए सर्टिफिकेट को स्वीकार्य करने की मांग की।
नई नीति से छोटे और मध्यम समाचार पत्रों को नुकसान
पत्रकारों ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई नई नीति से छोटे और मध्यम समाचार पत्रों को भारी नुकसान हो रहा है। उनका कहना था कि इस नई नीति के कारण प्रदेश के 500 से ज्यादा स्थानीय अखबारों और पत्रिकाओं के संपादक और पत्रकार मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची से बाहर हो जाएंगे। इनमें बड़ी संख्या उन पत्रकारों की है जिन्होंने 20 से 30 साल या उससे अधिक समय से पत्रकारिता की है। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि उन्हें अब इस नई नीति के कारण मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची से बाहर किया जा रहा है, जबकि उन्होंने अपना जीवन पत्रकारिता के लिए समर्पित किया है।

मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर का बयान
अशोक छाबड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी पत्रकार को अपने से दूर नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को भी कुछ बदलाव स्वीकार करने चाहिए। छाबड़ा ने बताया कि आजकल डिजिटल मीडिया का दौर है, और बड़े मीडिया समूह भी डिजिटल मीडिया की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों को भी इस बदलाव को अपनाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ने डिजिटल मीडिया के लिए अपनी नीति तैयार की है और उसे घोषित भी कर दिया है।
सरकार की नीतियों को जनमानस तक पहुंचाने की अपील
अशोक छाबड़ा ने कहा कि पत्रकारों को पत्रकारिता धर्म निभाते हुए सरकार की नीतियों को जनमानस तक पहुंचाने का काम करना चाहिए ताकि इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि वह पत्रकारों द्वारा उठाई गई समस्या को मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और प्रयास करेंगे कि किसी भी पत्रकार का नाम मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची से बाहर न हो।
प्रतिनिधि मंडल में ये लोग थे शामिल
पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल में हवा सिंह चहल, अनिल खत्री, संदीप मलिक, धर्मवीर बंसल, जगबीर, घनश्याम जिंदल, संजीव मुंजाल, राधेश्याम वर्मा, मोहनलाल, हरीश और अनिल खत्री जैसे वरिष्ठ पत्रकार शामिल थे।
