ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने लक्कड़ मंडी में नुक्कड़ सभा का आयोजन कर लोगों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान किया
नशे पर कारगर ढंग से अंकुश लगाने के लिए ग्राम पंचायतों तथा आमजन का सहयोग अति आवश्यक है- ऐलनाबाद थाना प्रभारी ।
ऐलनाबाद। 1 अप्रैल ( डॉ एम पी भार्गव ,) जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में आमजन व युवा वर्ग अपनी अहम भूमिका निभाए ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त तथा अपराध मुक्त किया जा सके। उक्त विचार ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने ऐलनाबाद की लक्कड़ मंडी में नुक्कड़ सभा कर आमजन को नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने कि अपील की ।ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने इस अवसर पर बैठक में उपस्थित लोगों से कहा कि किसी भी अभियान की संपूर्ण सफलता के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है इसलिए जिला पुलिस द्वारा अपराधिक किस्म के लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में समाज के सभी लोग पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि जिला पुलिस द्वारा अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत जहां तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है वहीं पर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन कर उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में समाज के सभी लोग अहम भूमिका निभाएं तथा अपने गांव ,गली तथा मोहल्ले की संपूर्ण जिम्मेवारी ले। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर पूरी तरह से नजर रखनी चाहिए तथा उन्हें शिक्षा एवं खेलकूद की गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ऐलनाबाद थाना प्रभारी ने बैठक में उपस्थित लोगों से कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, इस सामाजिक बुराई से हम सब मिलजुल कर ही छुटकारा पा सकते हैं । उन्होने कहा कि यदि आपके पास आसपास कोई नशा बेचता है या नशा करता है ,तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें,ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके । इस अवसर पर थाना प्रभारी ने लोगों साइबर अपराधों के बारे में भी जागरुक करते हुए कहा कि लोभ व लालच में आकर किसी भी प्रकार की बैंक संबंधी जानकारी अन्य व्यक्ति से साझां ना करें क्योंकि ऐसा करने से आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हो। थाना प्रभारी में इस अवसर पर बैठक में उपस्थित पार्षद प्रतिनिधियों से कहा कि आपसी मनमुटाव के छोटे-मोटे झगड़ों को पंचायती स्तर पर ही निपटाने का प्रयास करें ताकि वार्ड़ व गांवों के अंदर भाईचारा मजबूत रहे । इस अवसर पर ऐलनाबाद लक्कड़ मंडी संगठन के प्रधान राजेंद्र सिंह व अन्य गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे ।
