दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार प्रयासरत : यतिन्द्र सिंह

320 दिव्यांगजनों को 4 लाख 71 हजार रुपये की लागत के 40 सहायक यंत्र व उपकरण वितरित किए

ऐलनाबाद ,सिरसा, 28 मार्च ( एम पी भार्गव ): जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा व एलीम्को मोहाली (पंजाब) द्वारा चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा (सीडीएलयू) के मल्टीपर्पज हाल में दूसरे दिन वीरवार को भी दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पाटी के जिलाध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट ने बतौर मुख्यातिथि तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) फरीदाबाद के जनरल मैनेजर डेजी गोयल ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। इस दौरान 320 दिव्यांगजनों को आईओसीएल ने सीएसआर के तहत लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को 4 लाख 71 हजार रुपये की लागत के 40 सहायक यंत्र व उपकरण वितरित किए गए। वहीं एलीम्को द्वारा निर्मित विभिन्न श्रेणी में सहायक यंत्र व उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 108 बैटरी वाली तिपहिया साइकिलें, 72 व्हील चेयर, 90 तिपहिया साइकिलें, 1 सुगमया कैन, 28 बैसाखी, 21 छड़ी, 2 रोलेटर, 72 श्रवण यंत्र, 3 सीपी चेयर और 12 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स शामिल हैं।
इस दौरान कार्यक्रम के मुख्यातिथि भाजपा जिलाध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में लाने में केन्द्र व प्रदेश सरकार प्रयासरत है। दिव्यांग व्यक्तियों को शीघ्र से शीघ्र सहायता प्रदान करने के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के सचिव लाल बहादुर बैनीवाल ने बताया कि उपायुक्त शान्तनु शर्मा के मार्गदर्शन में रेडक्रास दिव्यांग व्यक्तियों की सहायता के लिए प्रयासरत है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.