रामपुर, 11 मार्च 2025: जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देश पर जनपद में होली के अवसर पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों के खिलाफ छापेमारी की।
बस में 60 किलो संदिग्ध मावा जब्त
इस विशेष छापेमारी के दौरान मुरादाबाद से बरेली जा रही एक बस में पनवड़िया के पास 60 किलो संदिग्ध मावा जब्त किया गया। पूछताछ के बावजूद मावे के मालिक की कोई जानकारी नहीं मिल सकी। यह अस्वास्थ्यकर तरीके से बस की सीट के नीचे प्लास्टिक की बोरी में जूते-चप्पलों के पास रखा हुआ था। मावा बदबूदार, खट्टा और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया, जिसके कारण नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
विभिन्न दुकानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जनपद की विभिन्न दुकानों और खाद्य निर्माण इकाइयों से कुल 09 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे।
नमूने लिए गए स्थानों की सूची:
शाहबाद – वीरपाल सिंह की दुकान से मैदा का नमूना।
ढकिया – शिवकुमार की खोया निर्माण इकाई से मावा का नमूना।
खरसौल – सतपाल की दुकान से काजू का नमूना।
शाहबाद – मिल्क टैंकर से अनवार पुत्र शौकत से दूध का नमूना।
पटवाई – रजा जनरल स्टोर से काजू का नमूना।
सिविल लाइन – अरुण सिंह की दुकान से खोया का नमूना।
पनवड़िया – चार पहिया वाहन से बेसन के लड्डू का नमूना।
खोद – असद हुसैन की दुकान से मैदा का नमूना।
स्वार – अकरम के मार्ट से रंगीन कचरी का नमूना।
मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई
सभी 09 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की प्रकृति के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सचल दल की टीम में शामिल अधिकारी:
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी – श्री वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी – रामचन्द्र यादव, अशोक कुमार, राहुल शुक्ला, अजरा बी मोहम्मद
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली के अवसर पर मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से बचें और यदि कहीं मिलावट की आशंका हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
