सोशल मीडिया के नकारात्मक इस्तेमाल को खुद रोकें दर्शक : मिंटू बराड़

सिरसा: पंजाबी सत्कार सभा द्वारा आयोजित रूबरू कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया में बसे मकबूल पत्रकार मिंटू बराड़ ने सोशल मीडिया के नकारात्मक पहलुओं पर अहम विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर परोसी जा रही घटिया सामग्री से छुटकारा पाने का तरीका केवल दर्शक के पास है, बशर्ते वह इसे सही तरीके से इस्तेमाल करें।

मिंटू बराड़ ने कहा कि सोशल मीडिया पर यदि हम निम्न स्तर की सामग्री से बचने की कोशिश करें और कुछ दिनों तक इस प्रकार के कंटेंट को ब्लॉक और रिपोर्ट करें, तो हमें केवल साफ-सुथरी और ज्ञानवर्धक जानकारी ही प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि आज का सोशल मीडिया एक शक्तिशाली साधन बन चुका है, जो आम जनता को उपयोगी जानकारी प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, लेकिन इसका नकारात्मक पहलू भी है। बहुत से अनजान और अनप्रोफेशनल लोग इसे अपने स्वार्थ के लिए गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, जो खतरनाक हो सकता है।

मिंटू बराड़ ने अपनी हाल की पाकिस्तान यात्रा के अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के बारे में मीडिया में जो छवि पेश की जाती है, वह स्थिति से बिल्कुल विपरीत है। वहां के लोग बहुत सम्मान देने वाले हैं और हिन्दू, सिख और ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय भी बहुत समृद्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान के पंजाबी अपनी मां बोली, संस्कृति, विरासत और साहित्य को जीवित रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

पंजाबी सत्कार सभा के प्रधान प्रदीप सचदेवा ने मिंटू बराड़ का स्वागत करते हुए उनकी दुनियाभर में बनाई पहचान पर गर्व व्यक्त किया। महासचिव भूपिंदर पन्नीवालिया ने कार्यक्रम को सार्थक बताते हुए मिंटू बराड़ और उपस्थित पत्रकारों और बुद्धिजीवियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मिंटू बराड़ को स्मृति चिन्ह और सरोपा देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रभु दयाल, गुरजीत मान, नवदीप सेतिया, राजिंद्र कुमार, बलजीत सिंह, कुलदीप गदराना, डॉक्टर एम पी भार्गव, बिमल भाटिया, हैप्पी सिंह, राजकुमार शेखूपुरिया, नंद सेठी, विजय जसूजा, दिनेश घनघस और संजीव शर्मा सहित कई बुद्धिजीवी और पत्रकार मौजूद थे।

 

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.