फरीदाबाद में बीजेपी प्रत्याशी विपुल गोयल के पोलिंग एजेंट पर जानलेवा हमला, बाइक सवार बदमाशों ने पीठ पर मारी गोली

हरियाणा की फरीदाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी विपुल गोयल के एजेंट पर दो नकाबपोश बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। एजेंट की पीठ पर गोली लगी है और अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

फरीदाबाद: खेड़ीपुल थाना एरिया की भारत कॉलोनी में भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल के एजेंट को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। एजेंट रजनीश मतदान खत्म होने के बाद भारत कॉलोनी के ही पोलिंग बूथ से अपने घर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ये वारदात की। युवक को पीठ में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

ये वारदात शनिवार शाम लगभग 7 बजे की बताई गइ है। शनिवार को मतदान के तहत भारत कॉलोनी के पास एक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल के एजेंट के तौर पर रजनीश नामक युवक तैनात था। शाम 6 बजे मतदान खत्म होने के बाद कुछ देर तक वो अन्य लोगों के साथ यहीं पर था। जिसके बाद वो अपने घर की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और पास से गुजरते हुए गोली मार दी।

बदमाशों ने ढंका हुआ था चेहरा
दोनों बाइक सवार बदमाशों ने चेहरा ढंका हुआ था। आरोपियों के जाने के कुछ सेकंड बाद रजनीश ने देखा कि पीठ से खून निकल रहा है तो उसे अहसास हुआ कि गोली उसे ही मारी गई है। जिसके बाद आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और रजनीश को इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में एडमिट कराया। रजनीश भाजपा युवा मोर्चा का कार्यकर्ता है। मौके पर मौजूद रहे सुरेश ने बताया कि दिन में मतदान के दौरान बूथ पर रजनीश की विपक्षी खेमे के कार्यकर्ताओं से नोंक-झोंक भी हुई थी। शक है कि उसी रंजिश में गोली मारी गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही खेड़ीपुल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंची। मामले में अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस टीमें अब आस-पास के एरिया में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर हमलावरों की पहचान के प्रयास कर रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि रजनीश नामक युवक को गोली लगी है। उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने वारदात की है।

 

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.