69 किलो 250 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद, दो नशा तस्कर गिरफ्तार

पार्सल के जरिए दिल्ली से मंगवाकर सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में करते थे सप्लाई दोनों आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर

ऐलनाबाद, सिरसा | 9 फरवरी (एम. पी. भार्गव)।जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, सिरसा की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाखों रुपये की 69 किलो 250 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम गश्त और चेकिंग के दौरान बेगू रोड स्थित शाह सतनाम सिंह चौक, सिरसा पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पुरानी आरा वाली गली, कीर्ति नगर सिरसा में एक सफेद रंग की रिट्ज कार खड़ी है, जिसमें सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीले पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर कार को घेर लिया। कार में सवार विवेक उर्फ सोनू पुत्र मदनलाल, निवासी गांधी कॉलोनी सिरसा तथा संजय पुत्र बाबूलाल, निवासी कीर्ति नगर सिरसा को काबू किया गया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी से 27 किलो 700 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान कीर्ति नगर पुलिस चौकी की टीम द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे डोडा चूरा पोस्त को पार्सल के माध्यम से दिल्ली से मंगवाते थे और मांग के अनुसार सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी जानकारी दी कि रानियां चुंगी स्थित बाजीगर बस्ती में एसके ट्रांसपोर्ट कंपनी पर उनका एक और पार्सल आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट कंपनी पहुंचकर पार्सल को कब्जे में ले लिया।

पार्सल खोलने पर उसके अंदर चार प्लास्टिक पॉलिथीन पाई गईं, जिनमें कुल 40 किलो 450 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। इस प्रकार कुल मिलाकर 69 किलो 250 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को जिले में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.