पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़, तीन श्रद्धालुओं की मौत, 50 घायल; मुख्यमंत्री ने मांगी माफी

पुरी, 29 जून 2025। ओडिशा के पुरी में रविवार सुबह श्री गुंडिचा मंदिर के पास भारी भगदड़ मच गई, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और करीब 50 अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। यह हादसा रथ यात्रा उत्सव के दौरान सुबह लगभग 4 बजे हुआ, जब सैकड़ों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों के दर्शन के लिए एकत्र हुए थे।

पुरी के जिलाधिकारी सिद्धार्थ एस. स्वैन ने बताया कि छह घायलों की हालत गंभीर है और उनमें से एक को कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि बाकी ICU में भर्ती हैं।

प्रशासन के अनुसार, भगदड़ उस समय हुई जब दो ट्रक पूजा सामग्री लेकर रथों के पास भीड़भाड़ वाले स्थान पर पहुंच गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालु ‘पहुड़ा’ (देवताओं के चेहरे से कपड़ा हटाने की रस्म) देखने को उत्सुक थे, जिससे भीड़ और अधिक बेकाबू हो गई।

मृतकों की पहचान:

बसंती साहू (36), निवासी बोलागढ़

प्रेमकांत मोहंती (80), निवासी बलीपटना

प्रवाती दास (42), निवासी बलीपटना

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि “भक्तों की भक्ति और उत्साह के कारण जो अव्यवस्था उत्पन्न हुई, उसने यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा जन्म दिया। मैं और मेरी सरकार इस त्रासदी के लिए सभी जगन्नाथ भक्तों से क्षमा मांगते हैं।” उन्होंने कहा कि सुरक्षा में हुई चूक की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि डीजीपी वाई. बी. खुरानिया स्वयं जांच कर रहे हैं और स्थिति अब मंदिर परिसर में सामान्य है।

विपक्ष का आरोप:
बीजेडी प्रमुख और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि “सरकार की भीड़ प्रबंधन में नाकामी से यह हादसा हुआ है।” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी घटना को प्रशासन की “लापरवाही और कुप्रबंधन” का परिणाम बताया।

एक मृत महिला के पति ने मीडिया से कहा कि “मदद पहुंचने में देरी हुई। कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं था और एंबुलेंस एक किलोमीटर दूर खड़ी थी, घायलों को गोद में उठाकर ले जाना पड़ा।”

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ शनिवार को गुंडिचा मंदिर पहुंचे थे। यह मंदिर मुख्य मंदिर से 2.6 किलोमीटर दूर है और इसे देवताओं की मौसी का घर माना जाता है। उनकी वापसी यात्रा (बहुड़ा यात्रा) इस वर्ष 5 जुलाई को होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.