22 अधिकारियों और कर्मचारियों को करनी होगी कार्यालय में रंगाई-पुताई, दो दिन में पूरा करना होगा काम — सज़ा के तौर पर दिया गया आदेश!
गाजियाबाद। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, गाजियाबाद प्रखंड में उस समय हड़कंप मच गया जब अधिशासी अधिकारी द्वारा जारी एक पत्र ने पूरे विभाग को चौंका दिया। इस पत्र में विभाग के 22 अधिकारियों और कर्मचारियों को एक अनोखी सज़ा दी गई है — उन्हें स्वयं कार्यालय की गैलरी में रंगाई-पुताई का कार्य करना होगा।
जारी आदेश के मुताबिक, इन सभी कर्मचारियों को 15 अक्टूबर 2025 और 16 अक्टूबर 2025 को कार्यालय में उपस्थित होकर रंगाई-पुताई का काम पूरा करना है। आदेश में सीडीओ गाजियाबाद की बैठक और जिला विकास अधिकारी के पत्र का हवाला दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस सूची में AE से लेकर JE, अकाउंट स्टाफ, क्लर्क, चपरासी और ड्राइवर तक शामिल हैं। हालांकि, पत्र में इस बात का कोई उल्लेख नहीं किया गया है कि आखिर इन कर्मचारियों को यह सज़ा किस कारण से दी गई है।
विभाग के भीतर इस आदेश को लेकर चर्चा का माहौल गर्म है। कुछ कर्मचारी इसे अनुशासनात्मक कार्रवाई मान रहे हैं, जबकि अन्य इसे “व्यवहार सुधारने का तरीका” बता रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि दो दिनों में अधिकारी और कर्मचारी किस तरह इस असामान्य “कार्यादेश” को पूरा करते हैं।
