अच्छे दिन लाने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार के 11 साल ‘दु:स्वप्न’ से कम नहीं: कुमारी सैलजा

कहा- किसान, बेरोजगार, युवा और महिलाएं सब भाजपा शासन में खुद को कर रहे हैं ठगा महसूस

ऐलनाबाद ,10 जून ( एम पी भार्गव ) सिरसा की सांसद एवं कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा न कहा कि मोदी सरकार के 11 साल का कार्यकाल जनता के विश्वासघात से भरा है। इस कार्यकाल को सांसद ने विफलताओं, खोखले दावों और पूर्ववर्ती सरकारों की संपत्तियों पर ढोल पीटने का एक युग करार दिया है। यह सरकार खुद की कोई ठोस उपलब्धि नहीं गिना सकती। जिन योजनाओं या प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया, वे अधिकतर यूपीए सरकार द्वारा प्रारंभ की गई परियोजनाएं थीं। भाजपा ने सिर्फ पुरानी सरकारों की बनाई हुई संपत्ति को बेचने या पुन: उद्घाटित करने का कार्य किया है जैसे रेलवे स्टेशन, एम्स, सड़क परियोजनाएं, शिक्षा संस्थान आदि।

मीडिया को जारी बयान में सांसद कुमारी सैलजा ने कहा हैै कि सरकार की नीतियां सिर्फ झूठे प्रचार, सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावों, और जुमलों के सहारे जनता को गुमराह करने तक सीमित रहीं। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का नारा अब कुछ का साथ, बाकी का विनाश में बदल गया है। आमजन, किसान, बेरोजगार युवा और महिलाएं सब इस शासन में खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। इसी सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया था पर इनके राज में बेटियां तक सुरक्षित नहीं है, महिला विरूद्ध हो रहे अपराध इसका जीता जागता सबूत है, सरकार इनसे भाग नहीं सकती और न ही इन आंकड़ों को झुठला सकती है। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की नीति सदैव जनता के हक की लड़ाई लड़ना रही है न ही भाजपा नेताओं की भांति केवल फोटो खिंचवाने और इवेंट्स करने की। भाजपा सरकार की मनमानी के चलते देश में आर्थिक असमानता बढ़ी है, संस्थाएं कमजोर की गई हैं, और लोकतंत्र को खोखला किया गया है। यह जश्न नहीं, आत्ममंथन का समय है। भाजपा को इस बात तो लेकर मंथन जरूर करना चाहिए कि उसने जनता से क्या वायदा किया था और कौन-कौन से वायदे पूरे किए।

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस का पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील शासन देने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। सरकार को शिक्षा, बेरोजगारी, किसान, महिला अधिकार पर ज्यादा जोर देना चाहिए। भाजपा ने ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था पर हकीकत में यह ‘दु:स्वप्न’ साबित हुआ है। पिछले 11 वर्षों में 140 करोड़ लोगों का हर वर्ग परेशान रहा। युवाओं से सालाना दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था, नौकरी देना तो दूर करोड़ों नौकरियां गायब हो गई। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई, ऊपर से रबर की गोलियां खानी पड़ीं। कमजोर वर्ग – एससी/एसटी/ओबीसी/अल्पसंख्यकों पर भयानक अत्याचार हुए, उनकी हिस्सेदारी खत्म की जा रही है। प्रदेश में बेरोजगारी की बाढ़ आ गई है। भाजपा ने देश को विश्वगुरु बनने की बात कही थी पर आज हर देश के साथ संबंध खराब हो गए। ईडी/सीबीआई का दुरुपयोग कर विरोधियों को दबाया जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.