ऐलनाबाद, 17 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव, विशेष संवाददाता)। ऐलनाबाद के निकटवर्ती गांव माधोसिंघाना से 11 वर्षीय छात्र अभिषेक गोस्वामी के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में गहरा सदमा है और पुलिस ने छात्र की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, छठवीं कक्षा का छात्र अभिषेक गोस्वामी 10 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे साइकिल लेकर खेत से हरा चारा लाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
अभिषेक के पिता ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि अभिषेक उनका इकलौता बेटा है और उसकी दो छोटी बहनें हैं। वह नियमित रूप से स्कूल जाता था और घटना वाले दिन भी उसका व्यवहार सामान्य था। बेटे के अचानक लापता हो जाने से परिवार बेहद चिंतित और व्यथित है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा खेतों, नहरों, रेलवे ट्रैक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर गहन जांच की जा रही है।
मिसिंग सेल प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को अभिषेक के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 88140-11657, 88140-11608, 88140-11638 या 98124-28695 पर संपर्क करें। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि छात्र की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
khabre junction
