व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, मुठभेड़ में दो को लगी गोली

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में White House के पास गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के बेहद करीब सीक्रेट सर्विस और एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो लोगों को गोली लगी। घटना के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, पेंसिल्वेनिया एवेन्यू और 17वीं स्ट्रीट के पास अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 30 राउंड गोलियां चलीं। संदिग्ध के हथियारबंद होने की सूचना मिलने के बाद United States Secret Service ने पूरे इलाके को घेर लिया और आसपास लॉकडाउन घोषित कर दिया।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद पत्रकारों को “शेल्टर इन प्लेस” निर्देश जारी करते हुए प्रेस ब्रीफिंग रूम में सुरक्षित रहने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित होने के बाद शाम करीब 6:45 बजे लॉकडाउन हटाया गया।

इस मामले पर Kash Patel ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि Federal Bureau of Investigation की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ में दो लोगों को गोली लगी है। इनमें एक संदिग्ध की मौत होने की खबर है, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। फिलहाल हमलावर की पहचान और गोलीबारी के पीछे की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.