रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। चोपन थाना क्षेत्र के प्रीत नगर के पास एक बोलेरो सड़क पर खड़ी ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चोपन थाना क्षेत्र के प्रीत नगर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर बेढंग खड़ी ट्रक में पीछे से जा टकराई। इस हादसे में बोलेरो सवार लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से चोपन सीएससी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
